मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav के 53वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को बिजलीपुरा स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही जरूरतमंदों एवं राहगीरों को फल और मिठाइयां वितरित की गईं। जनपद के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए के साथ समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया।
सपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान ने कहा कि अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। सभी को अधिक से अधिक पौधे लगाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
पूर्व विधायक राजेश यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। वहीं पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा ने कहा कि स्वच्छ हवा, शुद्ध जल और हरियाली प्रत्येक नागरिक का अधिकार है तथा समाजवादी पार्टी पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक न्याय और विकास का महत्वपूर्ण आधार मानती है।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी अमित यादव, रणजय सिंह यादव, सैयद रिजवान अहमद, रामसूरत यादव, विजय सिंह, विकास चंद्र एडवोकेट, अतिउल्ला सिद्दीकी, चौधरी रामकुमार भोजवाल, ज्योत्सना कश्यप, नीरज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

