वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

लोक निर्माण विभाग की ओर से बनबीरपुर से खखरोला के बीच करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सड़क निर्माण के महज छह माह बाद ही जर्जर हो गई है। सड़क की ऊपरी परत जगह-जगह उखड़ गई है और गिट्टियां बिखरने के साथ बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने तथा घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की उचित निगरानी नहीं किए जाने के कारण सड़क इतनी जल्दी खराब हो गई।
बनबीरपुर-खखरोला मार्ग भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। स्थानीय पत्रकारों और ग्रामीणों द्वारा सड़क की बदहाली को लेकर संबंधित विभाग से कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।

