मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

रेलवे की ओर से जारी बेदखली नोटिस के बाद शहर के कई इलाकों में रहने वाले झुग्गी-झोपड़ी निवासियों का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। मोहल्ला मेहमानशाह, अब्दुल्लागंज, बंगश, जियाखेल, गर्रा फाटक, मानूजई और यूनुसखेल में रेलवे लाइन के किनारे पिछले करीब 25 वर्षों से रह रहे परिवारों को पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा अंतिम नोटिस दिए जाने से चिंता का माहौल है।
रविवार को नोटिस की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खां प्रभावित बस्तियों में पहुंचे। उन्होंने झुग्गीवासियों से मुलाक़ात कर उनकी समस्याएं सुनीं और पार्टी की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
तनवीर खां ने बताया कि झुग्गीवासियों के हितों की रक्षा के लिए सोमवार, 22 जून 2026 को सुबह 11 बजे जिलाधिकारी शाहजहाँपुर के माध्यम से महाप्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर और मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर (बरेली) को ज्ञापन भेजा जाएगा। ज्ञापन में लंबे समय से निवास कर रहे परिवारों के पुनर्वास और मानवीय आधार पर समाधान की मांग उठाई जाएगी।
इस दौरान नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, मोहम्मद फैज़ान खान, सचिन वर्मा, अभिषेक सिंह, ललित कुमार, मोहम्मद फरमान, श्लोक मौर्य, पप्पू, जामिन अंसारी सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

