रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

जिला कलेक्टर तुकाराम भरसट एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अवधति प्रधान के मार्गदर्शन में मेघनगर नगर के सभी वार्डों में मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना था। इस दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी तथा आवेदन प्राप्त किए।

नगर परिषद मेघनगर द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के 25, संबल कार्ड के 7, पात्रता पर्ची के 4 तथा पीएम स्वनिधि योजना के 20 आवेदन प्राप्त किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के 6 तथा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के 7 आवेदन प्राप्त हुए।
स्वास्थ्य विभाग ने 17 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए तथा शिविर में पहुंचे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। इस दौरान रक्तचाप (बीपी), शुगर, हीमोग्लोबिन (एचबी) एवं अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई।
उद्यानिकी विभाग ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत 13 किसानों का पंजीयन किया। वहीं, पशु चिकित्सा विभाग द्वारा 20 पशुपालकों को मेडिसिन किट वितरित की गई। इसके अलावा किसान क्रेडिट कार्ड के लिए 1 तथा बकरी पालन योजना के लिए 1 आवेदन प्राप्त हुआ।
शिविर में नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश मचार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राहुल सिंह वर्मा, नोडल अधिकारी सुरेश गणावा, पशु चिकित्सक डॉ. सुरेश गौड़, परियोजना अधिकारी श्रीमती राखी बारिया, बीएमओ डॉ. विनोद नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

