रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने जिले की शैक्षणिक संस्थाओं में व्याप्त समस्याओं को लेकर कलेक्टर के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विभिन्न मांगें रखीं।
एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार ने बताया कि जिले की सभी शैक्षणिक संस्थाओं में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और कोई भी स्कूल शिक्षक विहीन न रहे। जहां आवश्यकता हो, वहां अतिथि शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि सभी स्कूलों में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था हो, ताकि विद्यार्थियों को परेशान न होना पड़े। साथ ही शौचालय और टॉयलेट की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए संगठन ने जर्जर स्कूल भवनों का निरीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत करवाने तथा अत्यधिक खराब स्थिति वाले भवनों में कक्षाएं संचालित न करने की मांग की। ऐसे भवनों में संचालित स्कूलों को अन्य सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की भी बात कही गई।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली शैक्षणिक सामग्री, जैसे किताबें आदि, समय पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही निजी स्कूलों द्वारा एक निश्चित स्थान से किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बनाए जा रहे दबाव पर रोक लगाने की मांग की गई।
एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
इस दौरान जिला महामंत्री विनोद गणावा सहित कैलाश भूरिया, अनिल भाभोर, डूंगरसिंह वास्केल, अल्केश पारंगी, अल्पेश भूरिया, मुकेश मालीवाड़, आनंद गुड़िया, अनिल मकवाना, मनु बारिया, मनोज गुड़िया, सचिन बघेल, आशीष, कांतिलाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित

