पड़ोसियों ने बंद किया पुश्तैनी मकान का दरवाजा,रात के अंधेरे में दीवार चुनने का प्रयास पीड़ित ने पुलिस से लगाई गुहार | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:


थाना मोहम्मदी क्षेत्र के अंतर्गत अमीरनगर चौकी क्षेत्र के सिसोकन गांव में रास्ते और दरवाजे के विवाद को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। गांव के एक निवासी ने अपने पड़ोसियों पर दबंगई करने और उनके पुश्तैनी मकान का मुख्य रास्ता बंद करने का आरोप लगाते हुए अमीरनगर चौकी इंचार्ज को लिखित शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
सिसोकन गांव के रहने वाले पीड़ित राजीव सिंह पुत्र प्रहलाद सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गांव में उनका एक पुश्तैनी मकान है। इस मकान का मुख्य गेट पिछले लगभग 30 वर्षों से पूर्व दिशा की ओर खुला हुआ है, जबकि दूसरा गेट उत्तर दिशा की तरफ है। आरोप है कि उनके पड़ोसी रविंद्र यादव, धर्मेंद्र यादव, जोगिंदर यादव, अनूप यादव और शिवम यादव (पुत्रगण लालाराम यादव) उनके पूर्व दिशा वाले मुख्य गेट को जबरन बंद करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि यह पूरी तरह से गैरकानूनी और गलत है।
शिकायतकर्ता राजीव सिंह के अनुसार, विरोध के बावजूद विपक्षी बाज नहीं आए। शनिवार-रविवार की दरमियानी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर रविंद्र यादव की पत्नी रीना यादव ने गेट के सामने जबरन ईंटें रखकर दीवार चुनने (रास्ता बंद करने) का दुस्साहस किया। हालांकि, आहट होने पर जब पीड़ित पक्ष को इस बात का पता चला और वे मौके पर पहुंचे, तो आरोपी महिला वहां से भाग निकली।पीड़ित ने पड़ोसियों की इस हरकत को पूरी तरह से प्रताड़ित करने वाला और अनुचित बताया है। राजीव सिंह ने अमीरनगर पुलिस चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उनके पुश्तैनी रास्ते को सुरक्षित बनाए रखने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.