मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विकासखंड की दूरस्थ ग्राम पंचायत खुमकाल में कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीण समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ अग्रिम कुमार, एसडीएम जुन्नारदेव सुश्री कामिनी ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को श्रम योगी मानधन योजना की जानकारी देते हुए असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि उन्हें वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा मिल सके। साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके स्वरोजगार और नवाचार प्रयासों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि अन्य ग्राम पंचायतों की महिलाओं को भी इन गतिविधियों से जोड़ा जाए, जिससे वे प्रेरणा लेकर अपने समूहों को सशक्त बना सकें।
चौपाल में ग्राम आराडोंगरी के ग्रामीणों ने कम वोल्टेज की समस्या उठाई, जिस पर अधिकारियों ने जल्द ही फीडर सेपरेशन कार्य शुरू होने की जानकारी दी। वहीं खुमकाल के प्राथमिक शाला भवन की जर्जर स्थिति पर कलेक्टर ने डीपीसी को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि बारिश में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ग्रामीणों ने कुछ मार्गों के निर्माण की मांग भी रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को स्थल निरीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जन चौपाल के बाद कलेक्टर ने आंगनबाड़ी नर्सरी तालखमरा का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। उन्होंने केंद्र के संचालन की सराहना करते हुए बच्चों के पोषण, शिक्षा और देखभाल को बेहतर तरीके से जारी रखने के निर्देश दिए।

