संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ ग्वालियर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी धनंजय शर्मा के नेतृत्व में झांसी रोड क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग की गई, जिसमें नियम तोड़ने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की। विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए और मौके पर ही साइलेंसर हटवाए गए।

पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगे 6 वाहनों, बिना नंबर प्लेट के 13 वाहनों और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 5 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 20 चालान किए।
चेकिंग के दौरान करीब 15 लाख रुपये कीमत की कावासाकी जेड एक्स मोटरसाइकिल और लगभग 4 लाख रुपये की अपाचे बाइक को भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार, कुछ युवक सड़कों पर स्टंट कर रहे थे, जिससे आमजन की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने उन्हें पकड़कर नियमानुसार कार्रवाई की।
थाना प्रभारी धनंजय शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान की शहरवासियों ने सराहना की है।
धनंजय शर्मा ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों, मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में वैध नंबर प्लेट लगाएं, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनें।

