अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर गश्त के दौरान RPF के सब-इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी से एक महिला की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13072 डाउन (JMP–HWH एक्सप्रेस) से चलती ट्रेन में उतरने की कोशिश कर रही एक महिला अचानक असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच गिरने लगी। मौके पर मौजूद RPF के SI संतोष कुमार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए महिला को खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस तत्परता के कारण एक गंभीर दुर्घटना टल गई और महिला की जान बच गई।
महिला की पहचान बांका जिले के कैथा टिकर निवासी शिद्रा बेगम (उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई है। उसने बताया कि वह अपने एक रिश्तेदार को विदा करने स्टेशन आई थी।
घटना के बाद महिला और उसके परिजनों ने RPF के प्रति आभार जताया।

