इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

बरसात के आगमन से पहले भुसावल की अयान कॉलोनी के नागरिकों ने सराहनीय पहल करते हुए क्षेत्र के नालों की सामूहिक रूप से सफाई कराई। जगह-जगह बंद पड़े नालों को जेसीबी मशीन की मदद से खुलवाया गया, जिससे पानी की निकासी सुचारू रूप से शुरू हो गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नालों के जाम होने से गंदा पानी जमा हो रहा था, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारियों का खतरा भी उत्पन्न हो गया था। सफाई के बाद अब जलभराव की समस्या में राहत मिली है और आने वाले मानसून में भी स्थिति बेहतर रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस कार्य में विशेष रूप से जाकिर, जावेद, वसीम सहित अन्य नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि अयान कॉलोनी खड़का ग्राम पंचायत के अंतर्गत आती है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वे नियमित रूप से घरपट्टी व अन्य करों का भुगतान करते हैं, इसके बावजूद सड़क, नाली, कचरा प्रबंधन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता।
नागरिकों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि अयान कॉलोनी में आधारभूत सुविधाओं के विकास और नियमित साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को इस तरह स्वयं पहल करने के लिए मजबूर न होना पड़े।

