पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

आज 22 अप्रैल 2026 को सेक्टर गंगानगर में पोषण पखवाड़ा एवं नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परियोजना तिरला, विकासखंड तिरला, जिला धार (मध्य प्रदेश) के अंतर्गत आयोजित हुआ। कार्यक्रम जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुभाष जैन के निर्देशन एवं परियोजना अधिकारी श्री सत्यनारायण मकवाना के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सेक्टर गंगानगर, सेक्टर कल एवं सेक्टर सेमीपुरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, समूह के अध्यक्ष-सचिवों तथा ग्रामीण नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान पर्यवेक्षक अभिलाषा खराड़ी, अनीता चौहान एवं ललित गिनावा ने उपस्थित लोगों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अधिनियम भारतीय राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को सशक्त बनाएगा तथा लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करता है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा विभिन्न पोषणयुक्त व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। इनमें विशेष रूप से मोटे अनाज (मिलेट्स) से बने व्यंजन प्रदर्शित किए गए और उनके सेवन के लाभों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, टीएचआर (Take Home Ration) से बच्चों के लिए पौष्टिक आहार तैयार करने के विभिन्न तरीकों को भी समझाया गया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रमिला वसुनिया, राधा भूरिया, माया पटेल, प्रमिला पटेल, निशा चौहान, ममता मेड़ा, सुगन डावर, गुलका भाभर, किरण पटेल, दीप्ति कटारे, रेनू मेड़ा, सीमा पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

