पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत), धार के तत्वावधान में बदनावर ब्लॉक के सेंट जोसेफ विजिटेशन स्कूल में ‘आस-पड़ोस युवा संसद’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रही।

कार्यक्रम का आयोजन ‘मेरा युवा भारत’, धार की जिला युवा अधिकारी सुश्री दीर्घा राजावत के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी दीर्घा राजावत ने ‘मेरा युवा भारत’ संगठन की रूपरेखा, उद्देश्यों तथा युवाओं के सशक्तीकरण से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित डॉ. के. के. पाटीदार (आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी) ने नशे के शारीरिक और मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्काउट एंड गाइड के जिला संगठन आयुक्त श्री सुशील कुशवाहा, सेंट जोसेफ विजिटेशन स्कूल के श्री पंकज जाटक, स्काउट मास्टर श्री महेश आमलियार तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ब्लॉक समन्वयक श्री अनिरुद्ध चावड़ा उपस्थित रहे।
योगाभ्यास एवं स्लोगन लेखन गतिविधि
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में प्रतिभागियों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए योगाभ्यास कराया गया। इसके साथ ही, ‘नशा मुक्त युवा’ थीम पर युवाओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्लोगन लेखन गतिविधि आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से संबंधित आकर्षक स्लोगन लिखे और उन्हें स्लोगन सबमिशन बॉक्स में जमा कराया।
इस पूरी गतिविधि में ‘माई भारत’ के स्वयंसेवक श्री राजू डोडवे एवं श्री सुमित गावाड़ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को जीवन में नशा न करने तथा समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
“नशे को ना, जिंदगी को हाँ — नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत।”

