परिवार से जान का खतरा: युवती ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, मारपीट व लूट के गंभीर आरोप | New India Times

गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

परिवार से जान का खतरा: युवती ने एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार, मारपीट व लूट के गंभीर आरोप | New India Times

जनपद के जलालपुर थाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर अपनी व ससुराल पक्ष के लोगों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती ने अपने मायके पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया है।
प्रार्थिनी के अनुसार, उसके पिता सुरेश कुमार लोना और माता राजकुमारी शराब के आदी हैं तथा अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर वह 7 मार्च 2025 को अपनी सहेली खुशबू के साथ चंडीगढ़ चली गई थी।
युवती का आरोप है कि उसके घर छोड़ने के बाद उसके पिता ने गांव के देवा लोना पुत्र मैकूलाल व उनके परिवार को फर्जी मुकदमे में फंसा दिया। हालांकि पुलिस विवेचना के दौरान युवती के बयान के आधार पर मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी गई।
इसके बावजूद युवती ने आरोप लगाया है कि उसके पिता, माता, भाई अमन, काकी संगीता और चचेरा भाई अमित उसे लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही देवा लोना और उनके परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, 9 मार्च 2025 को आरोपियों ने देवा लोना के घर में जबरन घुसकर उनके माता-पिता कलूटी देवी और मैकूलाल के साथ मारपीट की। इस घटना में कलूटी देवी का हाथ टूट गया तथा घर में जमकर तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि हमलावर घर से तीन भैंस के पड़वे, तीन बकरियां, एक खसी, 10 पंखे, 5 तख्त, 8 खटिया, 2 साइकिल और एक पानी का मोटर जबरन उठा ले गए।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते वे अपना घर छोड़ने को मजबूर हैं और फिलहाल फुटपाथ पर रहने को विवश हैं। उनका आरोप है कि घर लौटने पर उनकी हत्या की जा सकती है।
पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा मुहैया कराने तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article