निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:

इटवा क्षेत्र में गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विधानसभा अध्यक्ष बबलू खान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से तहसील तक पैदल मार्च निकालते हुए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) इटवा को महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन में कुल 6 प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई, बुकिंग के 24 घंटे के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा बुकिंग के बाद समय पर गैस न मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग शामिल है।

इसके अलावा, गैस सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने तथा शादी-विवाह और भंडारा जैसे आयोजनों के लिए जरूरत के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
सपा कार्यकर्ताओं ने केवल गैस समस्या ही नहीं, बल्कि किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गेहूं की खरीद न होने से किसान अपनी उपज बिचौलियों को औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर हैं। इस पर तत्काल क्रय केंद्रों के संचालन को सुनिश्चित करने की मांग की गई।
इस दौरान प्रदेश सचिव बेचई यादव, अजय चौधरी, जिला महासचिव कमरुज्जमा खान, बहरैची प्रेमी, अब्दुल लतीफ, उदयभान तिवारी, बड़कू पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

