मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार 9 से 23 अप्रैल 2026 तक देशभर में 8वां पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के विकासखंड जुन्नारदेव के आंगनवाड़ी केंद्र बेलखेड़ी में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य और समग्र विकास को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा जीवन के पहले 6 वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क विकास के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। माताओं को बताया गया कि इस अवधि में सही पोषण, देखभाल और नियमित टीकाकरण बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। इनमें टीकाकरण, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को वितरित किए जाने वाले टीएचआर (टेक होम राशन) पैकेट, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियां सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए इन सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक वातावरण में किया गया

