मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के आदिवासी अंतिम छोर क्षेत्र टेमरू के गुराल देव में एक शिविर का आयोजन किया गया। इस पंचायत के ग्राम हल्दूवा, ढाना, मटिया और गुराल देव में अभी भी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं है। यहां लगभग 150 परिवारों को आदिवासी सेवा संस्थान द्वारा निशुल्क सोलर पैनल वितरित किए गए।

महिला रंजीत को सोलर इंजीनियर की ट्रेनिंग दी गई है, जो सभी घरों में सोलर पैनल इंस्टॉल कर रही हैं। इससे घरों में चार-चार बल्ब के माध्यम से रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
ग्रामवासी नदी के पानी का उपयोग पीने और अन्य कार्यों के लिए करते हैं।
इस समस्या को देखते हुए सरपंच और सचिव को टेमरू में पानी की पाइपलाइन डालने के लिए जनपद पंचायत के सीईओ ने निर्देश दिए हैं। साथ ही पीएचई विभाग से इस समस्या के समाधान के लिए संपर्क किया गया है।
हल्दू और गुराल देव फॉरेस्ट क्षेत्र में आने के कारण विभाग द्वारा यहां बिजली के पोल लगाने से इनकार किया गया है। इस संबंध में फॉरेस्ट रेंजर से संपर्क कर एफआरए में शामिल करने की कार्रवाई प्रारंभ की गई है।
इस पंचायत में तीन माध्यमिक और एक प्राथमिक स्कूल हैं, जहां स्थायी शिक्षकों की कमी है और केवल अतिथि शिक्षक ही कार्यरत हैं। ग्रामवासियों ने स्थायी शिक्षकों की मांग की है। ग्राम हल्दू में आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है, जबकि यहां लगभग 125 मकान हैं। इसकी मांग भी ग्रामवासियों द्वारा की गई है।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी रश्मि चौहान सहित जनपद के कर्मचारी, ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

