निहाल चौधरी, इटवा/सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
तहसील इटवा के अंतर्गत नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 5, अटल नगर दलपतपुर स्थित देसी शराब की दुकान पर आबकारी नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि दुकान संचालक द्वारा निर्धारित समय से पहले और तय दर से अधिक कीमत पर शराब बेची जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा देसी शराब की दुकानों के संचालन का समय सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित है, लेकिन बिस्कोहर की इस दुकान पर सुबह करीब 6 बजे से ही शराब की बिक्री की जा रही है। इससे न केवल नियमों की अनदेखी हो रही है, बल्कि क्षेत्र में अव्यवस्था और सामाजिक समस्याएं भी बढ़ रही हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दुकान पर ओवररेटिंग (निर्धारित मूल्य से अधिक दाम) पर भी शराब बेची जा रही है, जिससे ग्राहकों का शोषण हो रहा है। कई बार इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सुबह-सुबह शराब की बिक्री शुरू होने से युवाओं और मजदूर वर्ग पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। इससे क्षेत्र का माहौल बिगड़ रहा है और कानून-व्यवस्था पर भी असर पड़ सकता है।
स्थानीय लोगों ने आबकारी विभाग से मांग की है कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराई जाए और दोषी दुकान संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

