रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

पिछले तीन वर्षों से जिले में क्रांतिकारी शहीद छीतुसिंह किराड़ आकस्मिक रक्तदान समिति, आलीराजपुर के सदस्यों द्वारा जरूरतमंद मरीजों को आपातकालीन स्थिति में रक्त उपलब्ध कराने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।

समिति के संस्थापक भंगुसिंह तोमर ने बताया कि ग्राम उमराली के निवासी मरीज इलू गुजरिया, जो पिछले माह से गुजरात के वाघोडिया स्थित अस्पताल में बीमारी के चलते भर्ती हैं, उन्हें चार यूनिट रक्त की आवश्यकता थी।

इस सूचना पर समिति के सदस्य शिवांशु बामनिया, अरुण तोमर, दिलीप निंगवाल और अश्विन निंगवाल ने आपात स्थिति में गुजरात के पारुल अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया और मरीज की मदद की। चारों युवाओं ने सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित मरीज को रक्तदान कर युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक होने और आगे आकर समाज सेवा में भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
इसके अलावा समिति के सदस्य कैलाश डावर (ग्राम बडदला) ने भी जिला चिकित्सालय आलीराजपुर में एक जरूरतमंद मरीज को रक्तदान कर महादान किया।
रक्तदाता कैलाश डावर ने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है। सभी लोगों को जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करना चाहिए और इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। यह हम सभी का मानव धर्म भी है।
क्रांतिकारी शहीद छीतुसिंह किराड़ आकस्मिक रक्तदान समिति के सदस्यों ने इस सराहनीय कार्य के लिए पांचों युवाओं का अभिनंदन करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।

