आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:
मुरादाबाद जिला के मझोला थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव नाले में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मझोला थाना क्षेत्र की जयंतीपुर चौकी इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब लोगों ने नाले में एक युवक का शव पड़ा देखा। होली के त्योहार के चलते पहले लोगों को लगा कि कोई युवक नशे की हालत में नाले में गिर गया होगा, लेकिन पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
थाना मझोला प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वह नशे का आदी रहा होगा। हालांकि यह केवल प्रारंभिक अनुमान है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

