मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:

पांदुर्णा शहर में इन दिनों चोरी की घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जवाहर वार्ड के नागरिकों ने पुलिस को एक आवेदन पत्र सौंपकर शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा गश्त बढ़ाने की मांग की है।
निवासियों के अनुसार बीती रात जवाहर वार्ड निवासी कमलेश तडाम के घर में चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया। घर के सदस्यों ने सहायता के लिए 112 नंबर पर पुलिस को कॉल किया, लेकिन पुलिस समय पर नहीं पहुंच सकी। इस घटना के बाद से वार्ड के लोगों में भय का माहौल है और कई लोग रातभर जागकर अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जवाहर वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले बाहरी किरायेदारों की जांच-पड़ताल भी कराई जाए।
इस संबंध में वार्ड पार्षद दुर्गेश उईके ने बताया कि 3 मार्च की रात करीब 3 बजे चोरी का प्रयास किया गया था, जिसकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह भी अनुरोध किया कि शहर में रह रहे बाहरी किरायेदारों का सत्यापन कराया जाए।
इस दौरान पार्षद दुर्गेश उईके, सुनीता बाई, भास्कर बनाईत, कन्हैया इवनाती, सविता परतेती सहित अन्य वार्डवासियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की।

