मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विकासखंड के अंतर्गत डुंगरिया ग्राम पंचायत में आने वाले ग्राम कोल्हिया के माली सगनिया मार्ग और बंजारी झिरिया के पास महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत वर्ष 2024 में रपटा पुलिया का निर्माण कराया गया था। इस निर्माण कार्य की लागत 14.12 लाख रुपये बताई गई है।
ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिया के निर्माण को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन इसकी गिट्टी निकलने लगी है और पुलिया में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। घटिया सामग्री से निर्मित यह पुलिया एक साल के भीतर ही उखड़ने लगी है। पुलिया की गिट्टी निकलकर ऊपर ही पड़ी है, जिससे आवागमन करने वाले दोपहिया और अन्य वाहनों के फिसलने की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि पुलिया के दोनों ओर ठेकेदार द्वारा रेलिंग का निर्माण नहीं कराया गया है और न ही सुरक्षा के लिए पिलर या पत्थर के सेट लगाए गए हैं। पुलिया के नीचे दोनों तरफ चट्टानें और बड़े पत्थर मौजूद हैं। यदि कोई वाहन फिसलकर नीचे गिरता है तो सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे स्पष्ट होता है कि रपटा पुलिया का निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन तरीके से किया गया है। उन्होंने इंजीनियर और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की भी मांग की है।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और पुलिया का पुनर्निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराया जाए।
