मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:
जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर में तालाब की मेंढ़ पर बन रही बाईपास सड़क के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा तालाब और उसकी मेंढ़ की मिट्टी से ही संपूर्ण बाईपास सड़क का निर्माण किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतना ही नहीं, पुलियों के निर्माण में मात्र 2 मिमी की सरिया का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि 2 मिमी सरिया से बनी पुलिया कितने समय तक टिक पाएगी। इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि तालाब में कई स्थानों पर भारी खुदाई कर मिट्टी निकाली गई है, जिससे वहां अचानक 5 से 6 फुट तक गहराई हो गई है। बरसात के दिनों में यह गहराई किसी बड़ी घटना को जन्म दे सकती है। वर्तमान में भी मवेशियों और अनजान लोगों के लिए जान का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय मापदंडों (मेन्यू/निर्धारित मानकों) के अनुसार निर्माण कार्य नहीं कराया जा रहा है। निर्माण स्थल पर कहीं भी सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि ठेकेदार कौन है, किस विभाग द्वारा किस मद से निर्माण कराया जा रहा है, स्वीकृत राशि कितनी है तथा तकनीकी स्वीकृति (टीएस) क्या है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी कारण सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है और कार्य की पारदर्शिता नहीं रखी जा रही है।
इस संबंध में ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से नायब तहसीलदार ताला, तहसीलदार अमरपाटन, एसडीएम अमरपाटन एवं कलेक्टर मैहर का ध्यान आकर्षित कराया है, लेकिन अब तक ठेकेदार के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आरोप है कि कार्रवाई न होने से ठेकेदार मनमानी रवैये से काम कर रहा है।
