अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की महिला मोर्चा की बैठक 25 फरवरी 2026 को संपन्न हुई, जिसमें कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के प्रति कथित असंसदीय एवं आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। बैठक में प्रस्ताव पारित कर मंत्री के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने और सार्वजनिक माफी की मांग की गई।
बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार की भाषा से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और यह कृत्य घोर निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कैलाश विजयवर्गीय सामाजिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं तो पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। वक्ताओं ने कहा कि इस घटना से जनमानस में आक्रोश व्याप्त है।
बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शांतिराम कुशराम सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदेश उपाध्यक्ष चेतन कुमरे, सुखदास टेकाम, अतरलाल धुर्वे, साबनसार धुर्वे, जाहिद खान, जोहरीलाल इनवति समेत कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे।
पार्टी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि मामले की त्वरित जांच कर कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किया जाए तथा उनसे इस्तीफा लिया जाए, ताकि आदिवासी समाज का मान-सम्मान और प्रतिष्ठा बरकरार रह सके। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।

