वी.के.त्रिवेदी, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT;

जनपद लखीमपुर खीरी के थाना कोतवाली गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के ग्राम कुंनेठिया में बने प्राथमिक विद्यालय में छुट्टी के समय एक मासूम बच्चा गेट से टकरा कर गम्भीर रूप से घायल हो गया जबकि अध्यापक उसे गम्भीर हालत में छोड़कर अपने अपने घर चले गए। आसपास के दुकानदारों ने बच्चे को खून से लथपथ देखा तो उसे लेकर उसके घर गए जिस पर उसके माता पिता ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया और शनिवार को स्कूल खुलते ही बच्चे के परिजन स्कूल में पहुंचकर हंगामा करने लगे।
प्राथमिक विधालय कुंनेठिया में शुक्रवार को जैसे ही छुट्टी की घण्टी बजी तो सभी बच्चे घर जाने के लिए गेट की तरफ दौड़ पड़े जिसमें कक्षा 1 का छात्र अर्पित पुत्र सुरेंद्र गेट से टकरा गया जिससे उसका सिर फट गया और गेट पर ही गिर गया लेकिन वहाँ मौजूद अध्यापिकाओं ने उसे नजरअंदाज करते हुए अपने अपने घरों को चली गयी। जिसके बाद आसपास के दुकानदारों व ग्रामीणों ने उसे घायल अवस्था में घर पहुंचाया। जहाँ से परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया और जैसे ही शनिवार को विधालय खुला तो पीड़ित बच्चे के साथ परिजन स्कूल पहुंच गए और अध्यापिकाओं से तूतू मेमे होने लगी, इतने में पूर्व सपा प्रत्याशी के पति नियामत अली, प्रधान भिखारी लाल ने पहुंचकर लोगों को शांत किया तब जाकर मामला शांत हुआ।
पीड़ित बच्चे के पिता सुरेंद्र ने बताया कि इस विद्यालय में अध्यापिकाएं मनमानी करती हैं, जिस कारण अब हम लोग अपने बच्चों के नाम कटाकर प्राइवेट स्कूल में दाखिला करवा लेंगे।
तो वही स्कूली बच्चों ने बताया कि मैडम जी अपने बच्चों की लैटरीन हमसे उठवाती हैं व स्कूल में झाड़ू भी लगवाती हैं।
इस बाबत वहां मौजूद अध्यापिका रेनू सिंह ने बताया कि बच्चे का सिर फटा है लेकिन बच्चे का सिर झगड़ा करने से फटा है बच्चों को बहुत मना करने पर भी नहीं मानते वह झगड़ा किया करते हैं।
एनपीआरसी रमेश वर्मा ने बताया कि अध्यापक के दोषी पाए जाने पर उचित कार्यवाही की जाएगी।
