वार्ड 34 में गंदगी का अंबार, रहवासी परेशान | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:


भोपाल  नगर निगम के वार्ड क्रमांक 34 में इन दिनों गंदगी की गंभीर समस्या सामने आ रही है। क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे आसपास बदबू फैल रही है और मच्छरों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि कई दिनों से नियमित रूप से कूड़ा नहीं उठाया गया, जिसके कारण हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।

सड़कों पर फैले कचरे के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। वहीं आवारा पशु कूड़े में मुंह मारते नजर आ रहे हैं, जिससे गंदगी और अधिक फैल रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार सुबह-शाम सफाई कर्मचारी दिखाई नहीं देते, जिससे लोगों में नाराजगी है।

वार्ड 34 में गंदगी का अंबार, रहवासी परेशान | New India Times


रहवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को मौखिक शिकायत भी की, लेकिन अब तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कूड़ा उठाने और नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

इस बीच स्थानीय नागरिकों ने वार्ड 34 के पार्षद पप्पू विलास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जहां पार्षद को अधिक वोट मिले हैं, उन्हीं क्षेत्रों में सफाई, सीसी रोड, पेवर ब्लॉक और हाई मास्क लाइट जैसे विकास कार्य कराए जा रहे हैं, जबकि अन्य इलाकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। लोगों का आरोप है कि जिन क्षेत्रों से कम वोट मिले, वहां बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।

रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे वार्ड में समान रूप से सफाई और विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएं तथा गंदगी की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।


अब देखना यह है कि नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कितनी शीघ्र कार्रवाई करते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.