मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
फिल्म अभिनेता राजपाल यादव तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अपने गृह जनपद शाहजहांपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने विचार साझा किए।
राजपाल यादव ने कहा कि वह स्मोकिंग, गुटखा और मसाले को प्रमोट नहीं करते हैं, लेकिन एयरपोर्ट जैसी जगहों पर स्मोकिंग के लिए अलग व्यवस्था होती है, उसी तरह जेलों में भी स्मोकिंग के लिए एक अलग स्थान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तिहाड़ जेल उनके लिए एक “चिंतन शिविर” जैसा अनुभव रहा।
उन्होंने बताया कि जेल में ऐसे कई कैदी हैं जो पेशेवर अपराधी नहीं हैं और पिछले कई वर्षों से सजा काट रहे हैं। ऐसे लोगों के संस्कार, व्यवहार और आचरण को देखते हुए कम से कम 10 प्रतिशत कैदियों को जीवन में आगे बढ़ने का अवसर दिया जाना चाहिए। इससे हजारों परिवारों को नई ऊर्जा मिलेगी और देश की धरोहर बनने में उनका योगदान हो सकता है।
फिल्म अभिनेता राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से छूटने के बाद अपने जन्मस्थान शाहजहांपुर के कुंडरा पहुंचे। उनके पहुंचते ही स्थानीय लोगों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें कानून पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में परिवार और प्रशंसकों का साथ उन्हें हिम्मत देता है।
राजपाल यादव ने अपने फैंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे अपने काम पर ध्यान देंगे और दर्शकों का मनोरंजन करते रहेंगे।

