शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर का एक प्रतिनिधिमंडल परिषद के अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में आज कलेक्ट्रेट पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी का कार्य देख रहे अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार सिंह से मुलाकात कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने मांग की है कि कर्मचारियों के लिए समय से आठवां वेतन आयोग लागू किया जाए। वेतन आयोग के गठन या लागू होने में विलंब की स्थिति में 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता मूल वेतन में मर्ज कर अंतरिम राहत प्रदान की जाए। परिषद ने यह भी मांग की कि कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनरों को भी आठवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए।
इसके अलावा परिषद ने पेंशनरों को 65 वर्ष, 70 वर्ष, 75 वर्ष और 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर अतिरिक्त महंगाई भत्ता देने, रेल किराये में रियायत बहाल करने तथा कोरोना काल में स्थगित किए गए डेढ़ वर्ष के डीए एरियर का भुगतान करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई।
परिषद ने आशा व्यक्त की कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष रूपेश कुमार श्रीवास्तव के साथ अशोक पांडेय, मदन मुरारी शुक्ल, अनूप कुमार, राजेश मिश्रा, इंजीनियर सौरभ श्रीवास्तव, इजहार अली, निसार अहमद और रामधनी पासवान उपस्थित रहे।

