विद्यार्थी मेहनत व लगन से अपने भाग्य का करें निर्माण : वित्त मंत्री | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

वित्त मंत्री ने कहा कि विद्यार्थी अपनी मेहनत एवं लगन से अपने भाग्य का निर्माण स्वयं करें। हम जो भी कर्म करते हैं, वे कभी न कभी अवश्य प्रतिफलित होते हैं। वे स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

वित्त मंत्री ने कहा कि दृढ़ संकल्प कभी व्यर्थ नहीं जाता। इसका जीवंत उदाहरण स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज का राज्य विश्वविद्यालय के रूप में उच्चीकरण है। उन्होंने बताया कि जनपद में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

इस अवसर पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने भावुक उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय बनने के बाद अब धीरे-धीरे उनकी भूमिका समाप्त हो रही है। आगे यह जनपद के नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों का दायित्व है कि वे शाहजहांपुर के शैक्षिक परिदृश्य को इस प्रकार विकसित करें कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनें।

गोष्ठी से पूर्व वित्त मंत्री ने संकुल की समस्त शिक्षण संस्थाओं का भ्रमण किया। उन्होंने पुस्तकालय, वाचनालय, क्रीड़ा स्थल, प्रयोगशालाओं सहित उपलब्ध संसाधनों का गहन अवलोकन किया। इस दौरान श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ के नवीन भवन का उद्घाटन भी किया गया।

कार्यक्रम में कॉलेज के समस्त संकाय प्रभारियों ने वित्त मंत्री का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्र ने अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। एस.एस. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आर.के. आजाद ने स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि विधि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जयशंकर ओझा ने दोनों महाविद्यालयों की प्रगति आख्या प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन उपप्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. आर.के. आजाद ने किया।

इस अवसर पर डॉ. कविता भटनागर, अशोक अग्रवाल, सुरेश सिंघल, डॉ. अमीर सिंह यादव, प्रो. आलोक मिश्र, प्रो. प्रभात शुक्ला, प्रो. देवेंद्र सिंह, प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. आदर्श पांडेय, डॉ. विकास खुराना, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. अनिल सिंह सहित मुमुक्षु शिक्षा संकुल की सभी संस्थाओं के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।