इरशाद आलम, परासिया/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

परासिया नगर पालिका डोंगर परासिया के भाजपा नपाध्यक्ष का एक ऑडियो सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार पत्रों/न्यूज़ चैनलों में वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से ठेकेदार से कमिशन की बात की जा रही है। इस प्रकरण से नगर और नगरपालिका की छवि धूमिल हुई है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने इस “कमिशन कांड” को गंभीर बताते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे नपाध्यक्ष को एक मिनट भी पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। इसी मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस ने महामहिम राज्यपाल के नाम एसडीएम कार्यालय के माध्यम से नायब तहसीलदार राम सूर्यवंशी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि डोंगर परासिया नगरपालिका के अध्यक्ष विनोद मालवीय द्वारा कथित भ्रष्टाचार की सीमाएँ पार की जा चुकी हैं। आए दिन उनसे जुड़े भ्रष्टाचार के नए-नए मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में वायरल हुए ऑडियो क्लिप में कमिशन को लेकर हुई बातचीत चर्चा का विषय बन गई है।
कांग्रेस ने कहा कि इसके बावजूद सरकार और प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे जनता का टैक्स और शासन की राशि का दुरुपयोग हो रहा है और ऐसे नेताओं के हौसले और बुलंद हो रहे हैं। इस पूरे मामले से शहर की छवि भी बुरी तरह प्रभावित हुई है और जनता में भारी आक्रोश है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे भ्रष्ट नपाध्यक्ष को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए।
ज्ञापन देने के दौरान —
पूर्व विधायक लीलाधर पुरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल राय, संयोजक बसंत मालवीय, नेता प्रतिपक्ष वीर बहादुर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नवल परिहार, अलाउद्दीन खान, दीनानाथ यादव, इंटक महामंत्री भगवानदीन यादव, गगन खंडूजा, यमुना दुबे, चंदभूषण डेहरिया, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष उत्कर्ष वाल्मीकि, ब्लॉक अध्यक्ष सोना दुबे, महिला अध्यक्ष अंजली श्रीवास्तव, सेवादल अध्यक्ष सुरेंद्र झाड़े, पार्षद प्रतिभा सोनी, रुक्मा बंसोड, ब्रजेश भलावी, नीलोफर खान, मंजू सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे।

