चूरू में एनएच 52 पर मिले शव की हुई पहचानः युवक की हत्या की आशंका, पुलिस ने 200 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर की पहचान | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, सीकर/जयपुर (राजस्थान), NIT:

रतननगर थाना क्षेत्र के #सिंगापुर हब के पास एनएच 52 पर मिले अज्ञात शव की पहचान लगभग 50 घंटे बाद हो गई। मृतक झुंझुनूं जिले के बिसाऊ थाना क्षेत्र के धीरासर गांव के निवासी विकास मेघवाल (24) थे। शव की पहचान विकास के छोटे भाई अंकित कुमार ने की।

रतननगर थानाधिकारी रामनिवास बीड़ासरा ने बताया कि दो दिन पहले सूरज होटल के पास अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाया। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

शव मिलने के बाद रतननगर पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। एक टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाधिकारी रामनिवास बीड़ासरा, हेड कॉन्स्टेबल नरेश कुमार तेतरवाल, कॉन्स्टेबल सुमित, मदन, जयवीर, ओमप्रकाश, मुनेश, मनीराम और मनोज शामिल थे।

इस टीम ने घटनास्थल, आस-पास के गांवों और हाईवे पर लगे लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला कि विकास मेघवाल मंदबुद्धि था और अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था, लेकिन बाद में स्वयं लौट आता था।

23 नवंबर को विकास को घांघू गांव में सीसीटीवी और फेसबुक के माध्यम से देखा गया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी पहचान सुनिश्चित की।

थानाधिकारी रामनिवास बीड़ासरा ने दोहराया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का लग रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना का पूरा सच सामने आएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.