बैतूल माल संस्था के तत्वावधान में ईद के तीसरे दिन होगा इज्तेमाई निकाह, 2100 रुपये में होगा पंजीयन | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बैतूल माल संस्था के तत्वावधान में इज्तेमाई निकाह (सामूहिक विवाह) को लेकर ईद के तीसरे दिन एक महत्वपूर्ण आयोजन किया जाएगा। बैतूल माल संस्था के संयोजक मोहम्मद सादिक जहाज़ वाला ने इस प्रतिनिधि के माध्यम से अपना स्पष्टीकरण प्रेषित करते हुए बताया कि 15 जनवरी 2026 को संस्था द्वारा महफिले रूबरू कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जिसे आम भाषा में परिचय सम्मेलन भी कहा जा सकता है।

इस महफिले रूबरू (परिचय सम्मेलन) में चयनित जोड़ों का इज्तेमाई निकाह (सामूहिक विवाह) हिजरी तारीख के अनुसार 03 शव्वाल, अर्थात ईद के तीसरे दिन संपन्न कराया जाएगा। बैतूल माल सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस इज्तेमाई निकाह में मुस्लिम समाज के लोग भाग ले सकते हैं, लेकिन इसमें शामिल होने के लिए ₹2100 शुल्क के साथ पंजीकरण अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि इस इज्तेमाई निकाह में तलाकशुदा पुरुषों और महिलाओं के निकाह भी संपन्न कराए जाएंगे। इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण कराकर इसमें भाग ले सकते हैं। इज्तेमाई निकाह का आयोजन स्थल प्रतिभागियों की संख्या (तादाद) के अनुसार तय किया जाएगा, जिसकी जानकारी बाद में पृथक से दी जाएगी।

संयोजक मोहम्मद सादिक जहाज़ वाला ने बताया कि इस्लाम धर्म के अनुसार निकाह को आसान बनाना संस्था का मुख्य उद्देश्य है। ₹2100 की पंजीकरण राशि में लड़का-लड़की को दिए जाने वाले कपड़े, जूते-चप्पल, श्रृंगार सामग्री, क़ाज़ी (पुरोहित) का खर्च शामिल है। इसके अतिरिक्त निकाह के बाद सीमित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजीकरण शुल्क के अतिरिक्त लड़का या लड़की से कोई अन्य खर्च नहीं लिया जाएगा। इच्छुक लोग अंडा बाजार स्थित बैतूल माल संस्था के कार्यालय में पहुंचकर संयोजक मोहम्मद सादिक जहाज़ वाला से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अधिक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.