मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

नगर पालिका क्षेत्र जुन्नारदेव के वार्ड क्रमांक 15 और 17 (माजरी दोनों) के बीच की सड़क के निर्माण कार्य में ठेकेदार द्वारा लापरवाही और भारी अनियमितता बरतने की शिकायत वार्ड वासियों ने नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) से की है। वार्ड वासियों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा लगातार घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे नवनिर्मित सड़कें जल्द ही उखड़ जाती हैं।

6 माह में उखड़ जाती हैं सड़कें
नगर पालिका अधिकारी को की गई शिकायत में वार्ड वासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा वर्तमान में वार्ड में 300 मीटर सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसमें वह भारी अनियमितता बरत रहा है। निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण नवनिर्मित सड़क जगह-जगह बुरी तरह फटने लगी है।
वार्डवासियों ने यह भी बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में ठेकेदार द्वारा पहले बनाई गई सड़कें लगभग 6 माह में ही उखड़ रही हैं, जिसमें से रेत और गिट्टी बाहर आ रहे हैं। इस कारण वार्ड वासियों को मिलने वाली सुविधाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं।
तकनीकी जांच और भुगतान रोकने की मांग
वार्ड वासियों ने नगर पालिका मुख्य अधिकारी (सीएमओ) से मांग की है कि ठेकेदार द्वारा बनाई जा रही सड़क की तकनीकी अभियंता से जांच कराई जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की है कि रोड की गुणवत्ता कुछ महीने तक निगरानी में रखने के बाद ही ठेकेदार को भुगतान किया जाए, ताकि भविष्य में वार्ड वासियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन की प्रतिलिपि आयुक्त नगरीय निकाय प्रशासन विभाग भोपाल, उपसंचालक नगरी निकाय जबलपुर, जिला कलेक्टर छिंदवाड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जुन्नारदेव को भी प्रेषित की गई है।
ज्ञापन सौंपने वाले वार्डवासी
ज्ञापन सौंपने के दौरान वार्ड नंबर 17 एवं 15 के वासी शैलेंद्र काकोड़िया, राजू साहनी, नीरज सिंह राजपूत, बाबू, ऋतिक अग्रवाल, इगा राय, आशिक खान, मुकेश विश्वकर्मा, पप्पू सिंह, महेश साहू, जीवन सिंह, फिरोज खान, पवन साहू, मोहनबती बाई, मोहम्मद शमीम, निलेश रूसिया, प्रमोद कुमार, अंकुर सोनी, नासिर, किशोर बरहैया, राजेंद्र डेहरिया, भवानी प्रसाद, आनंद सिंह, अनिल विश्वकर्मा, सोनू यादव, निलेश, दीपक विश्वकर्मा, रवि शंकर, कविता मर्सकोले, आशा, पप्पू सिंह, अनिल दास पंडोले, योगेश चौरसिया, अक्षय साहू, अमित धीमन, जमुना प्रसाद, धर्मेंद्र भारती, धर्मदास नागले, सिराज अली, सहित बड़ी संख्या में वार्ड नंबर 15 एवं 17 के वार्डवासी उपस्थित थे।

