अतीश दीपंकर ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में जिलाध्यक्षों, प्रदेश पदाधिकारियों और फ्रंटल संगठनों व मोर्चा प्रमुखों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस ठोस मुहिम चलाएगी। उन्होंने बताया कि संगठन को जिला से लेकर पंचायत स्तर तक सुदृढ़ करने पर पार्टी काम कर रही है।
राजेश राम ने कहा कि भाजपा द्वारा चुनाव आयोग की मिलीभगत से की जा रही वोट चोरी के खिलाफ दिल्ली में 14 दिसंबर को बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें बिहार से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जत्था शामिल होगा।
संगठन की मजबूती के लिए पंचायत स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने और सशक्त बूथ समितियों के गठन पर भी जिलाध्यक्षों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में प्रदेशभर में सघन दौरे करने का भी निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय हुआ कि जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक अपनी जिम्मेदारी निभाएगी।
बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारू ने फ्रंटल संगठन प्रमुखों और सभी जिलाध्यक्षों से व्यक्तिगत चर्चा की तथा संगठनात्मक मजबूती के लिए आगामी योजनाओं पर विस्तार से बात की। देर शाम पार्टी के सभी छह विधायकों के साथ भी प्रभारी कृष्णा अल्लावारू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बैठक की।
बताते चलें कि इससे पहले दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बिहार के शीर्ष नेताओं, नवनिर्वाचित विधायकों और उम्मीदवारों के साथ बैठक की थी, जिसमें चुनाव और संगठन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक में पूर्व सीएलपी नेता डॉ. शकील अहमद खान, सभी जिलाध्यक्ष, फ्रंटल संगठन प्रमुख और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह जानकारी बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय ने सोमवार की शाम दी।

