रेहरिया विद्युत उपकेंद्र पर बिजली बिल राहत योजना को लेकर संगोष्ठी आयोजित | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

विद्युत उपकेंद्र रेहरिया तथा विद्युत उपकेंद्र मझिगवां में उपखंड अधिकारी (एसडीओ) गोला अभिषेक कुमार गुप्ता एवं अवर अभियंता (जेई) सत्येंद्र कुमार द्वारा बिजली बिल राहत योजना के संबंध में उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, गणमान्य नागरिक तथा विद्युत उपभोक्ताओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर एसडीओ अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्युत उपभोक्ताओं द्वारा प्रथम, द्वितीय अथवा तृतीय चरण के दौरान पंजीकरण कराने पर पंजीकरण की तिथि तक के विलंबित भुगतान अधिभार पर 100% छूट प्रदान की जाएगी।

छूट के चरण निम्नानुसार रहेंगे—

• प्रथम चरण: 1 दिसंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक – 100% अधिभार छूट

• द्वितीय चरण: 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक – 100% अधिभार छूट

• तृतीय चरण: 1 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक – 100% अधिभार छूट

उन्होंने बताया कि यह योजना 1 दिसंबर 2025 से लागू होगी। विद्युत बिलों में छूट का लाभ पाने के लिए उपभोक्ताओं का पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण के समय उपभोक्ता को ₹2000 की धनराशि जमा करनी होगी।

बिजली उपभोक्ताओं को पहली बार मूलधन पर विशेष छूट भी दी जा रही है, जिसमें—

• प्रथम चरण में 25%,

• द्वितीय चरण में 20%,

• तृतीय चरण में 15% की छूट तय की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार है जब उपभोक्ताओं को मूलधन पर भी विशेष राहत दी जा रही है। सभी उपभोक्ता समय पर पंजीकरण कर बिजली बिल राहत योजना का लाभ अवश्य उठाएं।

कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी अभिषेक कुमार गुप्ता, अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार, सुधीर कुमार सहित बिजली विभाग के सभी कर्मचारी तथा रेहरिया व मझिगवां क्षेत्र के अनेक विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे।

By nit