वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
तृतीय वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमा चौकी खखरोला के कार्यक्षेत्र में स्थित बनवीरपुर गांव में 30 बेरोजगार ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 15 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 14 नवंबर 2025 से 28 नवंबर 2025 तक संचालित हुआ।
समापन समारोह दिनांक 28 नवंबर 2025 को आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक कमांडेंट एवं समवाय प्रभारी श्री Tsering Dorjai द्वारा की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री Dorjai के साथ ग्राम प्रधान बनवीरपुर श्री आकाश मित्तल, हरीशंकर शिक्षण सेवा संस्थान के संचालक, प्रशिक्षकगण तथा गांव के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन सत्र में सहायक कमांडेंट श्री Dorjai द्वारा सभी 30 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र वितरित किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम में पंचायतों के प्रधान, 30 प्रशिक्षु एवं स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 85 लोगों ने सहभागिता की।

