राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
नगर पालिका देवरी के सीएमओ के. बी. एस. बघेल ने छोटे व्यवसाय करने वाले व्यक्तियों से अपील करते हुए कहा है कि शासन द्वारा पुनर्गठित पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत नगर के वे सभी पथ विक्रेता, रेहड़ी–पटरी वाले तथा छोटे व्यवसायी जिन्होंने अब तक इस योजना का लाभ नहीं लिया है, वे नगर पालिका कार्यालय में आकर आवेदन जमा करें। योजना के माध्यम से बैंक से ऋण प्राप्त कर वे अपने व्यवसाय को और बढ़ा सकते हैं।
सीएमओ बघेल ने बताया कि भारत सरकार ने वित्तीय समावेशन को मजबूत करने, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने तथा पथ विक्रेताओं के सामाजिक–आर्थिक उत्थान को सुनिश्चित करने के लिए इस योजना का पुनर्गठन किया है।
पुनर्गठित योजना के तहत ऋण सीमा में वृद्धि की गई है:
प्रथम चरण: ₹10,000 की जगह अब ₹15,000
द्वितीय चरण: ₹20,000 की जगह अब ₹25,000
तृतीय चरण: ₹50,000 तक का ऋण बैंक द्वारा प्रदान किया जाएगा।
सीएमओ ने सभी पथ विक्रेताओं, रेहड़ी–पटरी वालों एवं छोटे व्यवसायियों से अपील की है कि जो लोग अभी तक योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं, वे ऑनलाइन आवेदन हेतु नगर पालिका देवरी में सामुदायिक संगठक अनीशा कुरेशी एवं पुष्पेंद्र मिश्रा से संपर्क करें।

