अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

अखिल भारतीय प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट का 8वां स्थापना दिवस, संगोष्ठी एवं पत्रकार सम्मान समारोह मध्यप्रदेश के बैतूल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रेस क्लब से जुड़े पदाधिकारी, वरिष्ठ सदस्य तथा देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पत्रकारों ने भागीदारी सुनिश्चित की।
कार्यक्रम की शुरुआत संगोष्ठी से हुई, जिसमें पत्रकारिता के मौजूदा हालात, चुनौतियों और पत्रकारों की सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा की गई। मंच से वक्ताओं ने स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि आज पत्रकारों को समाज और लोकतंत्र की रक्षा में अहम भूमिका निभानी पड़ रही है।
इस दौरान प्रेस क्लब के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट खालिद कैस ने पत्रकारों की सुरक्षा को बड़ी चिंता बताते हुए कहा कि देश में लगातार पत्रकारों पर हमले और उत्पीड़न की घटनाएँ बढ़ रही हैं। भू-माफिया और राजनीतिक रसूखदार लोगों द्वारा पत्रकारों की आवाज दबाने, डराने, धमकाने और झूठे प्रकरणों में फँसाने की शिकायतें आम होती जा रही हैं। ऐसे हालात में पत्रकारों को एकजुट होकर अपने अधिकारों और सम्मान के लिए खड़ा होना होगा।

एडवोकेट कैस ने आगे कहा कि प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट का प्रमुख उद्देश्य पत्रकारों की रक्षा, उनके अधिकारों की लड़ाई और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाने की दिशा में मजबूत प्रयास करना है। संगठन लगातार ऐसे मामलों में पत्रकारों को न्याय दिलाने और कानूनी सहयोग प्रदान करने के लिए काम कर रहा है।
समारोह में विभिन्न मीडिया संस्थानों के पत्रकारों को उनके कार्य, प्रतिबद्धता और समाजहित में की जा रही पत्रकारिता के लिए शील्ड और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने भी संगठन की गतिविधियों की सराहना की और एकजुट होकर पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सै. खालिद कैस,राष्ट्रीय संगठन सचिव रेखा सोलंकी, प्रदेश अध्यक्ष मध्यप्रदेश इकाई डॉ. शरद मिश्रा, राष्ट्रीय सचिव डिजिटल मीडिया विभाग शहाब मलिक, बैतूल जिला अध्यक्ष इरशाद खान, शाजापुर के हफीज़ शाह, हरदा के मुईन अख्तर, तेलगाना के अकरम पटेल, भोपाल के अबरार अहमद खान (न्यूज़ इंडिया टाईम) और भोपाल के शेख़ नसीम (जनसम्पर्क ख़बर) के साथ अन्य पत्रकार उपस्थित थे।
समारोह का सफल आयोजन बैतूल जिला टीम एवं पदाधिकारियों के सहयोग से सम्पन्न हुआ।

