अबरार अली, ब्यूरो चीफ, सिद्धार्थ नगर (यूपी), NIT:
समाजवादी पार्टी कार्यालय शोहरतगढ़ में आज पद्म विभूषण नेता जी मुलायम सिंह यादव की 85वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें सादगीपूर्ण रूप से याद किया गया। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’ ने कहा कि सिद्धार्थनगर जिले की स्थापना का श्रेय नेता जी को ही जाता है।
उनके मुख्यमंत्रित्व काल में सिद्धार्थनगर में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए। जिला कलेक्ट्रेट, जिला अस्पताल और लोहिया कला भवन के शिलापट्ट आज भी मुलायम सिंह यादव की याद दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि एक नेता के रूप में मुलायम सिंह यादव का व्यक्तित्व बहुआयामी था।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ी। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बने कई बड़े पुल उनकी ही देन हैं। राजनीति में ऐसे नेता बहुत कम होते हैं जिनकी प्रशंसा उनके धुर राजनीतिक विरोधी भी करते हैं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से श्री शकील शाह, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक सभा, श्री गोपाल फौजी, जिला अध्यक्ष सैनिक प्रकोष्ठ सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

