मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा के अंतर्गत दमुआ संयुक्त प्रेस क्लब एवं कन्हान प्रेस क्लब ने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन अपर कलेक्टर धीरेन्द्र सिंह को सौंपा, जिसमें दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की महिला डॉक्टर संजना आचार्य पर पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी देने और झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया गया है।प्रेस क्लब ने बताया कि 14 नवंबर को कवरेज के दौरान पत्रकार मोहसिन चिश्ती अस्पताल पहुंचे, जहां मरीजों ने डॉक्टर के देर से आने की शिकायत की।
कवरेज के बाद डॉक्टर ने पत्रकार को फोन कर अपमानजनक भाषा में धमकाया, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है। ज्ञापन में कहा गया है कि यह घटना पत्रकार की गरिमा और सरकारी सेवा आचरण दोनों का उल्लंघन है। प्रेस क्लब ने डॉक्टर संजना आचार्य के खिलाफ विभागीय व कानूनी कार्यवाही, तत्काल निलंबन व स्थानांतरण, तथा उनकी प्राइवेट प्रैक्टिस पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रेस क्लब ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो क्लब शांतिपूर्ण विरोध दर्ज करेगा। प्रशासन से उम्मीद जताई गई है कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए न्यायोचित कदम उठाए जाएंगे ज्ञापन सौपने में जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष सचिन पांडे, उपाध्यक्ष नीरज चौहान, अफ़ाक़ हुसैन,दमुआ प्रेस क्लब अध्यक्ष सोनू डहरिया,मोहसिन चिश्ती चैतन मिश्रा, इसरार अंसारी उपस्थित रहे।
मामले को लेकर फोन के माध्यम से जुन्नारदेव ब्लाक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर सुरेश नागवंशी ने मामले पर कहा कि मामला संज्ञान में आया है जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी।

