आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:

जनपद मुरादाबाद में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की जिला इकाई ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन की सराहनीय भूमिका के लिए प्रशंसा पत्र एवं सम्मान पत्र भेंट कर आभार व्यक्त किया। यह मुलाकात जिलाध्यक्ष एवं मंत्री प्रतिनिधि रवि चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल द्वारा की गई, जिन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और नगर पुलिस अधीक्षक रणविजय सिंह से भेंट की।
इस अवसर पर पार्टी ने हाल ही में भोजपुर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में पुलिस एवं मेरठ एसटीएफ यूनिट की वीरतापूर्ण कार्रवाई की विशेष प्रशंसा की, जिसमें कुख्यात अपराधी आसिफ उर्फ टिड्डा और दीनू को मार गिराया गया था। ये दोनों अपराधी लंबे समय से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले और कई गंभीर अपराधों में वांछित थे। इस साहसिक कार्रवाई से न केवल अपराधियों का खौफ समाप्त हुआ बल्कि व्यापारिक समुदाय एवं आम जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी और अधिक मजबूत हुई है।
जिलाध्यक्ष रवि चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि —
“उत्तर प्रदेश पुलिस ने जिस निष्ठा, तत्परता और साहस के साथ कानून-व्यवस्था को बनाए रखा है, वह प्रशंसनीय है। मुरादाबाद पुलिस ने जिस प्रकार अपराध पर अंकुश लगाते हुए जनता में भरोसा पैदा किया है, वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के ‘भयमुक्त समाज’ के संकल्प को साकार करता है।”
उन्होंने आगे कहा कि —
“पुलिस प्रशासन की हर इकाई — चाहे वह थाना स्तर पर कार्यरत हो या विशेष यूनिट — सभी ने मिलकर मुरादाबाद में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पार्टी की ओर से हम समूचे पुलिस बल का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं और उनके मनोबल को बढ़ाने के लिए शुभकामनाएं देते हैं।” इस अवसर पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी मुरादाबाद इकाई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य रूप से उपस्थित सदस्य:
जिलाध्यक्ष रवि चौधरी, जिला सचिव अशोक सैनी, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनुराग सक्सेना, महासचिव एडवोकेट जयप्रकाश सिंह, एडवोकेट जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त सचिव एडवोकेट अवरण अग्रवाल, एडवोकेट जिशान उल हक, एडवोकेट शशांक चौहान, उपाध्यक्ष एडवोकेट अजय पाल, कोषाध्यक्ष एडवोकेट प्रतीक गोयल, जिला प्रचारक एडवोकेट प्रदीप सिंह, एडवोकेट दीपांशु पाल, एडवोकेट हिमांशु, एडवोकेट दीप सिंह, एडवोकेट सुमित मिश्रा, एडवोकेट पुनीत चौहान तथा सदस्य एडवोकेट दया शंकर सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

