शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
नगर पंचायत पीपीगंज के अधिशासी अधिकारी अंजनेय मिश्रा तथा हनुमत नगर वार्ड नंबर 2 के सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ीवाले ने वार्ड नंबर 17 अटल नगर स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान घाट पर सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, जल टैंकर तथा तालाब में जलस्तर की कुछ कमियों का पता चला।
इन कमियों को देखते हुए सभासद द्वारा तुरंत दूरभाष पर अधिशासी अधिकारी से वार्ता की गई, जिसके बाद अधिशासी अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
तालाब में जलस्तर की कमी को दूर करने के लिए सभासद रामानंद दाढ़ीवाले ने स्वयं पंपिंग सेट मशीन लगवाकर तालाब में पानी भरवाया। साथ ही, मोबाइल शौचालय और जल टैंकर की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई, ताकि छठ पूजा में शामिल होने वाली महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
सफाई और व्यवस्था को सुचारू रूप देने के लिए सफाई नायक मिथुन यादव एवं मनौवर अली के नेतृत्व में लगभग 20 कर्मचारियों की टीम लगातार कार्यरत रही।
इस दौरान लिपिक अजीत यादव, शिवम् जयसवाल, अजीत सिंह, सूरज कसौधन, रुद्रेश कुमार यादव, विकास मद्धेशिया, राजू वर्मा और वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप कनौजिया उपस्थित रहे।
सभासद एडवोकेट रामानंद दाढ़ीवाले ने छठ पूजा के पावन पर्व पर नगर पंचायत पीपीगंज के सभी नागरिकों सहित समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि यह पर्व सूर्य देव की उपासना और पर्यावरण संरक्षण व सामुदायिक एकता का संदेश देता है। नगर पंचायत प्रशासन छठ महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है।

