आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
हर्रई थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़ा में आयोजित मड़ई मेले में हुए विवाद के बाद लापता हुए एक युवक का शव भेड़ा नदी में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना पर इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक का दो दिन पहले मड़ई मेले में कुछ युवकों से विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, पर युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। पुलिस अब मेले में हुए विवाद व मृतक के साथियों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

