मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ताप्ती सेवा समिति, बुरहानपुर ने जिले के मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को ज्ञापन सौंपकर अस्पतालों में भर्ती मरीजों को दी जाने वाली बेडशीट की स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण के लिए दिनवार रंगीन बेडशीट व्यवस्था लागू करने की मांग की है। समिति की अध्यक्ष श्रीमती सरिता राजेश भगत ने बताया कि वर्तमान में मरीजों को गंदी या पहले से उपयोग की गई बेडशीट मिलने की शिकायतें सामने आती रहती हैं, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकती हैं। इससे मरीज को संक्रमण फैलने का जोखिम बढ़ जाता है तथा मरीज और उनके परिजनों में असंतोष की भावना भी उत्पन्न होती है। ज्ञापन में बताया गया कि अस्वच्छ बेडशीट से त्वचा रोग, बैक्टीरियल संक्रमण, वायरल संक्रमण तथा हॉस्पिटल एक्वायर्ड इन्फेक्शन (HAI) जैसी गंभीर समस्याएँ उत्पन्न हो सकती हैं।
समिति ने निम्नलिखित सुझाव प्रस्तुत किया है :
प्रत्येक मरीज़ की बेडशीट प्रतिदिन बदली जाए।
दिनवार रंगीन बेडशीट व्यवस्था लागू हो, जैसे सोमवार-सफेद, मंगलवार-नीला, बुधवार-हरा, गुरुवार-गुलाबी, शुक्रवार-पीला, शनिवार-नारंगी एवं रविवार-ग्रे। उपयोग की गई बेडशीट की वैज्ञानिक पद्धति से धुलाई एवं सेनिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए। समिति ने कहा कि इस व्यवस्था से मरीजों और परिजनों को तुरंत पता चल सकेगा कि बेडशीट बदली गई है या नहीं। साथ ही अस्पतालों में स्वच्छता का स्तर बेहतर होगा और संक्रमण का खतरा कम होगा।
ताप्ती सेवा समिति ने सीएमएचओ एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी से अपेक्षा की है कि जिले के सभी शासकीय अस्पतालों में शीघ्र ही यह व्यवस्था लागू कर मरीजों को सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।इस अवसर पर अध्यक्ष श्रीमती सरिता राजेश भगत, उपाध्यक्ष अर्चना चितारे, प्रेमलता सांकले, अता उल्लाह खान,धर्मेंद्र सोनी, श्याम चितारे नंदकिशोर वाणे, राजेश भगत, जैकी चड्डा आदि लोग मौजूद थे।

