पीयूष मिश्रा/अश्वनी मिश्रा, सिवनी (मप्र), NIT;
सिवनी जिला अस्पताल में सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात करीब 3 से 4 बजे जच्चा बच्चा वार्ड से अचानक गायब हुए नवजात शिशु को लेकर पूरे जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया था। जिसके बाद नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधन ने बच्चे की खोजबीन शुरू की। तकरीबन 2 घंटे बाद उक्त नवजात बच्चा प्राइवेट वार्ड के ठीक पीछे कड़कड़ाती ठंड में जीवित अवस्था में नाली में मिला था, बच्चे के मुंह पर बैंडेज टेप भी चिपका हुआ पाया गया था।
दरअसल पूरा मामला सिवनी के सरकारी अस्पताल का है जहां पर जच्चा बच्चा वार्ड में भर्ती शशीकला पति दिलीप बरकड़े का नवजात बच्चा रातोंरात चोरी हो गया था। यह घटना करीब 3:00 से 4:00 बजे रात की है। जब प्रसूता शशि कालीबाई ने अपने बच्चे को बिस्तर में नहीं पाया तो उसने शोर शराबा शुरू कर दिया, हल्ला होते देख अस्पताल में भर्ती मरीज सहित उनके परिजन और अस्पताल का स्टाफ एकत्रित हो गया और करीब 2 घंटे ढूंढने के बाद उक्त नवजात शिशु अस्पताल में बने प्राइवेट वार्ड के ठीक पीछे कड़कड़ाती ठंड में नाली में पाया गया। इस नवजात शिशु के मुंह पर बैंडेज पट्टी चिपकी हुई थी। जिसके बाद नर्सिंग स्टाफ और परिजनों ने तत्काल बच्चे को उठाकर एसएनसीयू वार्ड में भर्ती किया जहां अब यह नवजात शिशु पूरी तरह से स्वस्थ है।
सुरक्षा प्रबंध भगवान भरोसे
इस पूरे हृदयविदारक घटना में “जाको राखे साइयां मार सके ना कोई” यह कहावत चरितार्थ होती है, क्योंकि उक्त नवजात शिशु सिर्फ 9 दिन का था और इतनी भीषण कड़कड़ाती ठंड में उसे किसी अज्ञात व्यक्ति नाली में फेंक कर चला गया था। इस गंभीर मामले में सिवनी जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े होने लगा है। पूरा अस्पताल प्रबंधन सहित इस अस्पताल में सुरक्षा देने वाली एजेंसी भी कटघरे में नजर आ रही है। वही कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि यदि अस्पताल में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे अगर चालू होंगे तो बच्चा ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान और पतासाजी कर उसे आसानी से पकड़ा जा सकता है।
कहीं नरबलि का मामला तो नहीं?
जिला अस्पताल के जच्चा बच्चा वार्ड से 9 दिन के नवजात शिशु के चोरी होने और नाली में मिलने की घटना के ठीक दूसरे दिन ही मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को जच्चा बच्चा वार्ड के महिला बाथरूम से पैरामेडिकल के छात्र को कुछ लोगों ने चाकू और नींबू सहित पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चा चोरी होने की घटना के बाद अस्पताल में सतर्कता और चौकसी बढ़ा दी गई थी जिसके चलते सफाई कर्मचारी का सुपरवाइजर जैसे ही जच्चा बच्चा वार्ड पहुंचा उसी दरमियान उसे महिला बाथरूम में छिपे हुए युवक पर नजर पड़ी। तत्काल सफाई कर्मचारी के सुपरवाइजर और नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से इस युवक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस युवक के पास से चाकू सहित नींबू भी पाए गए हैं। जिला अस्पताल में लगातार घट रही घटना के बाद लोगों का अंदेशा है कि कोई नरबलि जैसा मामला भी हो सकता है क्योंकि जच्चा बच्चा वार्ड से गायब हुए नवजात शिशु के मुंह पर बैंडेज पट्टी मिलना तथा इस शिशु के नाली में पड़े हुए पाए जाने के बाद ठीक 1 दिन बाद ही जच्चा बच्चा वार्ड के महिला बाथरूम से पैरामेडिकल के छात्र को संदिग्ध अवस्था में चाकू और नींबू सहित पकड़ा जाना गंभीर मामला है। बरहाल सिवनी कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल करने में लगी हुई है और कोई भी अधिकारी अभी कुछ भी बोलने से बच रहा है।
