अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री राशिदा मुस्तफा ने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा से नाराज हो कर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राशिदा मुस्तफा ने अपने इस्तीफे की कापी मीडिया को जारी की है। जो निम्न है….
राष्ट्रीय अध्यक्षा सुष्मिता देव जी महिला कांग्रेस नई दिल्ली
विषय: प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री पद से त्यागपत्र देने बावत
महोदया,
मैं पिछले पंद्रह वर्षों से कांग्रेस और महिला कांग्रेस में विभिन्न पदों पर कार्य कर रही हूँ। पिछले तीन वर्षों से सोशल मीडिया पर पार्टी का कार्य कर रही हूँ। आप मेरी फेसबुक आईडी देख सकते हैं कि मैंने पार्टी के पक्ष और सरकार के खिलाफ सैकडों तथ्यात्मक पोस्ट की है।जिससे देश में मेरे हजारों फालोवर सोशल मीडिया पर मौजूद हैं।
मैं महिला कांग्रेस में शोभा ओझा जी के समय से प्रदेश महिला कांग्रेस में कार्य कर रही हूँ। वर्तमान में प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री पद पर कार्य कर रही हूँ। जब से मैंने सोशल मीडिया पर पार्टी का काम करना शुरू किया तबसे पार्टी के कई बड़े नेताओ से बातचीत होने की वजह से हमारी प्रदेश अध्यक्षा को गलतफ़हमी हो गयी है कि महिला कांग्रेस का मैं बेजा फायदा उठा रही हूँ। उन्होंने मना कर दिया कि तुम पोस्ट में महिला कांग्रेस पद का उपयोग नहीं करोगी। लगभग एक वर्ष होने को आया है, तबसे मैं महिला कांग्रेस का उपयोग नहीं कर रही हूँ। उसके बाद इनका सार्वजनिक स्थानों पर मुझे प्रताडित करने का क्रम जारी रहा। अल्पसंख्यक होने के कारण अन्य महिलाओं के बनिस्पत मुझे अधिक प्रताड़ना सहन करना पड़ती है, क्योंकि मेरी शुरू से कांग्रेस पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होने से मैं सब सहन करती आ रही हूँ। जबकि मुझे भाजपा में आने के लिये कई तरह के प्रलोभन दिये गये परंतु मैं कांग्रेस पार्टी की निष्ठावान सिपाही की तरह मांडवी चौहान के ताने सहन करती रही हूँ।
गत 12 दिसम्बर को महिला कांग्रेस की दिल्ली में आयोजित वर्कशॉप में मैं भी गयी थी, उन्होंने वहाँ मेरे एवं अन्य महिलाओं के साथ किन शब्दों का सार्वजनिक रुप से प्रयोग कर प्रताडित किया वह मैं यहाँ लिख नही सकती हूँ। मैं महामंत्री पद से त्यागपत्र देती हूँ। मांडवी चौहान के ताने और सहन करने की मुझ में क्षमता नही है। मैं हार्ट की मरीज हूँ। मेरी बायपास सर्जरी हो चुकी है। अतः आप मेरा त्यागपत्र स्वीकार कर अनुग्रहीत करें।
राशिदा मुस्तफा
भोपाल मप्र
