आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जिले के सांसद विवेक बंटी साहू छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले की सुख-शांति-समृद्धि की प्रार्थना करने के लिए शिव की शरण में जा रहे हैं। सांसद श्री साहू आने वाले सप्ताह में केदारनाथ धाम में माथा टेककर सभी के कल्याण का कामना करेंगे। अभी कुछ दिनों पूर्व ही उन्होंने छिंदवाड़ा से जामसावली तक पैदल यात्रा करके हनुमानजी को गदा अर्पित की थी। उनके साथ छिंदवाड़ा से सैंकड़ों लोगों ने पदयात्रा करके धर्मलाभ लिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, सांसद विवेक बंटी साहू 14 से 20 अक्टूबर तक छिंदवाड़ा से बाहर रहेंगे। सांसद श्री साहू पहले भोपाल प्रवास जाएंगे। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित अन्य मंत्रियों से छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के विकास कार्यों पर चर्चा होगी। इसके बाद सांसद विवेक बंटी साहू दिल्ली प्रवास पर रहेंगे, जहां केंद्रीय मंत्रियों से छिंदवाड़ा-पांढुर्णा की विकास परियोजनाओं पर मीटिंग होगी। दिल्ली और भोपाल में सांसद चार दिन रहने के बाद 18 अक्टूबर को केदारनाथ धाम पहुंचेंगे।

