मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री देवेंद्र कुमार पाटीदार द्वारा समस्त थाना प्रभारियों को नाबालिग गुमशुदा बालक / बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही समय-समय पर प्रकरणों की मॉनिटरिंग वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाती है। समस्त थाना प्रभारियों द्वारा गुमशुदा बालक / बालिकाओं के लंबित प्रकरणों के निकाल हेतु भरसक प्रयास किये जा रहे हैं। इसी कड़ी में थाना कोतवाली पुलिस टीम को अपने प्रयासों के परिणामस्वरूप गुमशुदा नाबालिग बालिका को सकुशल खोजकर वापिस लाने में सफलता हाथ लगी है।
मामले में दिनांक 22.07.2023 को फरियादी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि राजघाट क्षेत्र से मेरी बेटी उम्र 16 वर्ष को अज्ञात व्यक्ति बहला फुसला कर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 363 आईपीसी के तहत प्रकरण कायम कर बालिका की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान गुमशुदा के संबंध में पूछताछ कर साक्ष्य एकत्रित किये गये। दिल्ली, नोएडा आदि स्थानों पर पुलिस टीमें भेजी गई। भौतिक साक्ष्य एवं तकनीकी साक्ष्यो के आधार पर खोजबीन के काफी प्रयास के पश्चात गुमशुदा बालिका को दिनांक 14.06.24 को सकुशल खोजकर लाया गया। उपरोक्त कार्यवाही में सीएसपी श्री गौरव पाटिल के नेतृत्व में थाना प्रभारी कोतवाली निरी. सीताराम सोलंकी, एसआई सुनील पाटिल, प्र.आर. मातादीन, म.आर. स्वाति, आर. महेंद्र एवं सायबर सेल की सराहनीय भूमिका रही है।
