मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

सीएम हेल्पलाईन के तहत प्राप्त शिकायतों का निराकरण संतुष्टिपूर्वक किया जायें। अधिकारी आवेदक को समक्ष में बुलाकर चर्चा करें एवं शिकायत का निवारण करते हुए उच्च गुणवत्ता के साथ जवाब दर्ज करें। निम्न गुणवत्ता की प्रविष्टि ना की जायें। इस बात का सख्त ध्यान रखें। यह निर्देश सोमवार को बुरहानपुर कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने विकास पर्व अंतर्गत भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जिले में समरसता यात्रा के सफल संचालन हेतु व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से कहा कि, अपने-अपने कार्य-दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने वन मित्र पोर्टल पर वनाधिकार सत्यापन की समीक्षा करते हुए हिदायत दी कि, सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर कार्य में प्रगति लाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बुरहानपुर/नेपानगर को निर्देशित किया कि, जिले में नियमित रूप से सैल्समेनों की बैठक लेवें। परियोजना प्रबंधक मध्य प्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन को निर्देश दिये कि, जल कर वसूली कार्य में तेजी लाने एवं सॉफ्टवेयर में प्रविष्टी के संबंध में स्व सहायता समूहों की दीदीयों को प्रशिक्षित किया जाये। बैठक में कलेक्टर सुश्री मित्तल ने मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना, समाधान आपके द्वार योजना, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना इत्यादि शासकीय योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में बिना अनुमति के अनुपस्थित रहने एवं सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों में लापरवाही बरतने पर संबंधितों को नोटिस देने के निर्देश दिये।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमति सृष्टि देशमुख, अपर कलेक्टर श्री शंकरलाल सिंगाडे़, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार, एसडीएम श्रीमति पल्लवी पुराणिक, एसडीएम श्री अजमेर सिंह गौड़, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप श्रीवास्तव सहित अन्य जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।
