फ़राज़ अंसारी, ब्यूरो चीफ, बहराइच (यूपी), NIT:

बहराइच क्षेत्र जरवल शिक्षा क्षेत्र में एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के एआईएमआईएम राजनीतिक पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन कार्यक्रम विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एबीएसए ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी की है।
जरवल शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय हंसना में रविवार को अवकाश के दिन बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन कार्यक्रम प्राथमिक विद्यालय हंसना के प्रागंण में कराया गया। विद्यालय में राजनीतिक दल के कार्यकर्ता सम्मेलन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें पार्टी के नेताओं के अलावा सैकडों कार्यकर्ता भी दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी जरवल संतोष कुमार सिंह ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर जबाब मांगा है। इस सम्बंध में बीएसए अव्यक्तराम तिवारी को सीयूजी नम्बर पर फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
