वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

छोटी काशी में शुरू हुए सावन मेले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी कमर कस रखी है। एक माह तक चलने वाले इस मेले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर हेल्थ पोस्ट बनाए गए थे। पहले दिन ही सीएमओ डॉ. अरुणेंद्र कुमार त्रिपाठी द्वारा फोन पर सभी की लोकेशन ली गई। इस दौरान सभी टीमें एक्टिव मिलीं।
खीरी जिले की छोटी काशी बोले जाने वाले गोला गोकरननाथ में सावन मेला शुरू हो चुका है। इसके शुरू होते ही हजारों लाखों भक्त और कांवड़िए दर्शन के लिए भोलेनाथ के दरबार पहुंचते हैं। सैकड़ों किलोमीटर की पदयात्रा कर यहां जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में उन्हें छुटपुट समस्याएं होने की संभावनाएं होती हैं। इसे लेकर सीएमओ डॉ. अरुणेंद्र कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में एक विस्तृत बैठक की गई थी, जिसमें इन सभी को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए एक प्लान बनाया गया था। इसी के अंतर्गत छोटी काशी के आसपास तीन हेल्थ पोस्ट बनाए गए थे जहां पर डॉक्टर, फार्मासिस्ट, पैरामेडिकल स्टाफ, और वार्ड बॉय सहित एक एंबुलेंस की तैनाती की गई थी। यह हेल्थ पोस्ट अपना काम कर रहे हैं या नहीं इसकी सटीक जानकारी के लिए सीएमओ द्वारा फोन पर इनकी लोकेशन ली गई हम आपको यह भी बता दें कि जिले में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी सावन माह के चलते अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि आसपास जिलों सहित प्रदेशभर से आने वाले शिव भक्तों और कावड़ियों को विषम परिस्थितियों में बेहतर चिकित्सा सेवा दी जा सके।
